जशपुर/सन्ना। जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 वर्षीय मासूम जितेन्द्र राम की नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के मन में सोशल मीडिया पर अधिक पैसा कमाने के तरीके तलाशते समय छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया था।
शराब पिलाकर मासूम की हत्या
पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर की सुबह आरोपी बासुदेव मृतक बालक के पिता रामजीत राम के घर के पास पहुंचा था। वहां से वह रामजीत और एक अन्य व्यक्ति के साथ शराब पीने चला गया। बाद में लौटते समय आरोपी की नजर रामजीत के 4-5 वर्षीय बेटे जितेन्द्र पर पड़ी। आरोप है कि वह बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ खेत की झोपड़ी में ले गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी बच्चे को अलग-अलग स्थानों पर घुमाने के बाद शराब और मुर्गा खरीदकर लाया। उसने बच्चे को भी शराब पिलाई। शराब के नशे में बच्चा सो गया, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर दबाया
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शव को कंबल और गोदरी में लपेटकर बोरी में भर दिया और खेत में पानी से भरे गड्ढे में डालकर मिट्टी से दबा दिया। इसके बाद हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और अन्य सामान को भी छिपा दिया गया।
7 नवंबर की सुबह परिजन बच्चे की तलाश करते हुए खेत की ओर पहुंचे, जहां मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी के अंदर कंबल और गोदरी में लिपटा मासूम का शव मिला। इसके बाद सन्ना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में अंग निकालने की बात बताने का दावा
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में दावा किया कि हत्या के बाद उसने बच्चे के सीने और पेट को काटकर किडनी, फेफड़ा और आंख निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रखे थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव के साथ हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य संबंधित सामग्री बरामद करने की बात कही है। इन बरामद वस्तुओं की वास्तविक प्रकृति और पोस्टमार्टम संबंधी निष्कर्ष चिकित्सकीय जांच से स्पष्ट होंगे।
सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल को पुलिस ने बताया वजह
पुलिस के अनुसार आरोपी करीब एक साल पहले मजदूरी करने सन्ना आया था और खेत में बनी झोपड़ी में रहता था। मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं होने पर वह सोशल मीडिया पर जल्दी और अधिक पैसा कमाने के तरीके खोजता रहता था। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का घृणित विचार आया और इसी मानसिकता के तहत उसने मासूम की हत्या की।
मामले में सन्ना पुलिस ने अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) में अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक आभास मिंज सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका बताई है।