जशपुर। जिले के दोकड़ा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। दिवाली के दिन एक युवक रेबीज का टीका लगवाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा, लेकिन अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में कर्मचारी नदारद मिले। जरूरी इलाज और टीकाकरण के लिए पहुंचे युवक को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।और उसे कुनकुरी जाकर लगवाना पड़ा
बताया जा रहा है कि रेबीज का टीका समय पर लगना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने के बाद भी स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध नहीं होने से अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि दोकड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर भवन तो मौजूद है, लेकिन जरूरत के समय कर्मचारी और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती। इससे ग्रामीणों को मजबूरी में निजी अस्पतालों या दूर-दराज के स्वास्थ्य केंद्रों का रुख करना पड़ता है।
दिवाली जैसे सार्वजनिक अवकाश के दिन आपातकालीन वार्ड में कर्मचारी की अनुपस्थिति ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि इस मामले में स्वास्थ्य विभाग क्या कार्रवाई करता है और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे आपातकालीन सेवा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।