ऑपरेशन शंखनाद: मनोरा के जंगल से 10 गौवंश बरामद, तस्कर फरार

जशपुर। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत मनोरा पुलिस ने ग्राम मूटू जकबा के जंगल से 10 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से सकुशल बरामद किया है। पुलिस को देखकर संदिग्ध तस्कर जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे चौकी मनोरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग ग्राम मूटू जकबा के जंगल के रास्ते बड़ी संख्या में गौवंशों को बेरहमी से मारते-पीटते हुए पैदल झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

जंगल में पहुंचने पर पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को गौवंशों को हांककर ले जाते हुए देखा। पुलिस टीम ने घेराबंदी की, लेकिन पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति गौवंशों को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से सभी 10 गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।

विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज

मामले में चौकी मनोरा में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(क) एवं (घ) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस फरार संदिग्धों की पतासाजी कर रही है।

कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई और गौवंशों की सकुशल बरामदगी में चौकी प्रभारी मनोरा उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, सहायक उप निरीक्षक शांति प्रमोद टोप्पो, प्रधान आरक्षक निर्मल बड़ा तथा आरक्षक शैलेन्द्र तोमर और सुधीर मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संलिप्त लोगों पर होगी कार्रवाई: एसएसपी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मनोरा क्षेत्र से 10 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा।

Bhoj singh
Author: Bhoj singh

Leave a Comment

error: Content is protected !!