कोरंगा पुलिया पर हादसे का खतरा, मोपेड उछलकर रेलिंग से टकराया; बड़ा हादसा टला

जशपुर। कुंजारा की ओर से आ रहे एक मोपेड सवार के साथ कोरंगा पुलिया पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुलिया पर गड्ढों की मरम्मत के लिए किए गए डामरीकरण से बनी ब्रेकरनुमा उभार के कारण मोपेड अचानक उछल गया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित मोपेड पुलिया की रेलिंग से टकराकर गिर पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिया पर कोई आधिकारिक ब्रेकर नहीं बनाया गया है। पुलिया में मौजूद गड्ढों को भरने के लिए किए गए डामर कार्य के कारण सड़क पर उभार बन गया है, जो ब्रेकर जैसा दिखाई देता है। इसी उभार के कारण वाहन चालकों को अचानक झटका लग रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि मोपेड सवार को गंभीर चोट नहीं आई और समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिया की यह स्थिति लंबे समय से वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। खासकर दोपहिया वाहन चालक यदि सामान्य या तेज गति से यहां पहुंचते हैं तो अचानक बने इस उभार के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ सकता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना भी हो सकती है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द पुलिया की सड़क को समतल कराने और दुर्घटना की आशंका खत्म करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी संकेतक लगाने की भी मांग की जा रही है, ताकि वाहन चालक पहले से सतर्क हो सकें।

अब सवाल यह है कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या को लेकर कब कार्रवाई करेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि समय रहते पुलिया की स्थिति सुधारनी चाहिए। देखना होगा कि विभाग इस मामले को गंभीरता से लेकर आवश्यक कार्रवाई करता है या फिर यह खतरनाक उभार यूं ही वाहन चालकों को दुर्घटना का न्योता देता रहेगा।

Bhoj singh
Author: Bhoj singh

Leave a Comment

error: Content is protected !!