@the news नेशन जशपुर। जशपुर पुलिस ने गौवंश की हत्या कर उसका मांस बनाने की तैयारी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला चौकी पंडरा पाठ क्षेत्र के ग्राम सोनगेरसा का है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को 35 वर्षीय सुनीता यादव ने चौकी पंडरा पाठ में शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 अगस्त को गांव का निवासी विफा राम एक गौवंश पर लकड़ी के डंडे से हमला कर रहा था। संदेह होने पर महिला ने अपने पति को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने एक गौवंश को मृत अवस्था में पाया। आरोपियों द्वारा चाकू से उसके मांस के लिए खाल निकालने की तैयारी की जा रही थी। विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृत गौवंश को कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों विफा राम (55), निवासी सोनगेरसा और उगीत रवि (56), निवासी गायबूडा को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त छुरी और डंडे भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा बीएनएस की धारा 325 के तहत अपराध दर्ज किया है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी पंडरा पाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी, प्रधान आरक्षक आदित्य कुमार साय, आरक्षक बिलचुस लकड़ा और राम प्रसाद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








