जशपुर/कांसाबेल। विकासखंड कांसाबेल के छाताबर से विकासखंड फरसाबहार के उपरगींचा तक निर्माणाधीन सड़क इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य को बरसात से पहले व्यवस्थित ढंग से पूरा नहीं किया गया, जिसका खामियाजा अब राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर कई स्थानों पर अधूरा गिट्टीकरण किया गया है। वहीं कुछ हिस्सों में डाली गई मुरूम बारिश के पानी के साथ बह गई, जिससे सड़क पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन गई है। कई जगह सड़क की सतह खराब हो गई है और आवागमन मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात से पहले पूरे मार्ग को गिट्टी डालकर सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाया जाना चाहिए था, लेकिन आधे-अधूरे कार्य के कारण बारिश ने सड़क की स्थिति और खराब कर दी।
कीचड़ और फिसलन के चलते इस मार्ग पर कई बाइक सवार गिर चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य को सही तरीके से पूरा नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि पूर्व में बनी सड़क पर हल्की मुरूम डालकर खानापूर्ति की गई, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है, जिससे कार्य की लागत, निर्माण एजेंसी, ठेकेदार और कार्य अवधि जैसी जानकारी आम लोगों को नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की तकनीकी और गुणवत्ता जांच कराई जाए तथा बारिश से प्रभावित हिस्सों की तत्काल मरम्मत कर पूरे मार्ग को सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाया जाए।








