मृत बछड़े को दफनाने के मिले रुपयों के विवाद में युवक की हत्या, बाप-बेटे गिरफ्तार

जशपुर। सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम कंदराई पाठ में मृत बछड़े को दफनाने के बदले मिले रुपयों को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी फगुआ राम कोरवा (50) और उसका बेटा बृजनाथ राम कोरवा (21) ग्राम कंदराई पाठ निवासी हैं। दोनों 10 अगस्त को लकड़ी बेचने सन्ना आए थे। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने अपने घर के मृत बछड़े को दफनाने के लिए दोनों से मदद मांगी। बछड़े को दफनाने के बाद आरोपियों को इसके बदले कुछ रुपए मिले।

इसी दौरान पंचायत भवन सन्ना के पास मृतक फगुआ राम (30) की आरोपियों से मुलाकात हुई। मृतक ने बछड़े को दफनाने के बदले मिले रुपयों में अपना हिस्सा मांगा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दोनों ने लकड़ी के बहिंगा और पास पड़े पत्थर से मृतक के सिर पर वार कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल फगुआ राम बेहोश हो गया। उसे एंबुलेंस से इलाज के लिए जशपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

मृतक के भाई की रिपोर्ट पर सन्ना पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में सिर में लगी चोट के कारण मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का बहिंगा और पत्थर भी बरामद कर लिया है।

कार्रवाई में सन्ना थाना प्रभारी उप निरीक्षक सीरद साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक रविंद्र एक्का, आरक्षक मनोज जांगड़े, सुरेश टोप्पो और संतोष प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Bhoj singh
Author: Bhoj singh

Leave a Comment

error: Content is protected !!